सरायकेला / जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस में पदस्थापित कांस्टेबल सागर हेंब्रम (58) का सोमवार सुबह अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया. उनके असामयिक निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गयी है. सहकर्मियों और अधिकारियों ने इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कांस्टेबल सागर हेंब्रम पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाट गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डीहापुसी गांव के निवासी थे. वे वर्तमान में सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहे थे. सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी. उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद साथी पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इस खबर के मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ पड़ी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सदर अस्पताल पहुंच गए. पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि मृतक हवलदार के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया जाएगा. इसके उपरांत पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. सम्मान समारोह के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंपा जाएगा. कांस्टेबल सागर हेंब्रम को एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार पुलिसकर्मी के रूप में जाना जाता था. उनके निधन से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा पुलिस विभाग गहरे शोक में डूब गया है.















