जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने रंगदारी और मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी लखन गोप उर्फ बावला (करीब 28 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को कपाली डोबो निवासी जगबंधु सिंह उर्फ कलटू सिंह (लगभग 50 वर्ष) के साथ 10 लाख रुपये की रंगदारी को लेकर मारपीट की गई थी. घटना में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे. (नीचे भी पढे़ं)
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में जेल जा चुका है. वारदात के बाद से वह फरार होकर पुरी में छिपा हुआ था. हाल ही में उसके सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झीमड़ी गांव स्थित ससुराल आने की सूचना मिली. इसके बाद वह जमशेदपुर के सोनारी स्थित अपने घर पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए पुलिस दल ने उसे दबोच लिया. छापेमारी अभियान में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया.



