जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा स्थित ब्रह्मलोकधाम में विजायदशमी के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन कर मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी. इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की. पूरा परिसर भक्ति और उत्साह के माहौल से सराबोर रहा. कार्यक्रम में महिलाओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त कर मंगल गीतों के बीच विदाई की रस्म पूरी की. लाल साड़ी और पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने इस अनुष्ठान को खास बना दिया.

सिंदूर खेला के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर महिलाओं ने नृत्य भी किया, जिससे माहौल और भी आनंदमय हो गया. अंत में मां दुर्गा की प्रतिमा को नम आंखों से विदाई दी गई. आयोजकों ने बताया कि यह परंपरा हर वर्ष आपसी सौहार्द और संस्कृति को जीवित रखने के उद्देश्य से निभाई जाती है.




