जमशेदपुर: लोक आस्था, श्रद्धा व सूर्योपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर सामा्जिक संस्था दायित्व ने सेवा व समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल पेश की.संस्था की ओर से शनिवार को बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में नि:शुल्क सूप व प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान लगभग 501 छठव्रतियों के बीच सूप व प्रसाद का वितरण किया गया. कार्यक्रम में जिले के उपविकास आयुक्त नागेंद्र पासवान मौजूद रहे. उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रही है. कहा कि आस्था के महापर्व पर जरूरतमंद छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री का नि:शुल्क वितरण करना बहुत ही सराहनीय कार्य है. (नीचे भी पढ़े)

समाज में ऐसे संगठनों की भूमिका अहम है, जो जरूरतमंदों के सुख दुख में सहभागी बनकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाते है. संस्था के अध्यक्ष शिवराम झा ने कहा कि दायित्व संस्था केवल एक सामाजिक संगठन नहीं बल्कि सेवा, सहयोग व सामाजिक संवेदनशीलता के संकल्प के साथ काम करने वाला परिवार है. संस्था पिछले नौ सालों से छठ पर्व के अवसर पर जरूरतमंद व्रतियो के बीच नि:शुल्क सूप व पूजन सामग्री का वितरण करती आ रही है. यह कार्य समाज के लोगों के विश्वास,सहयोग व सदस्यों की निस्वार्थ सेवा भावना का परिणाम है. उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों की छठ पूजा भी पूरे सम्मान, श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हो सके. (नीचे भी पढ़े)
किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही संस्था की सबसे बड़ी उपलब्धि है. इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य पवन कुमार, सोना देवी विवि के चांसलर प्रभाकर ,सिंह, मजदूर नेता संजीव श्रीवास्तव, एडीएल स्कूल की प्राचार्या श्रीमती खुशबू ठाकुर, समाजसेवी मनोज झा, प्रेम यादव, संस्था के कोषाध्यक्ष सुमन पांडे,, मंजीत यादव, आलोक सिंह, देवाशीष झा, गौतम सिंह, गणेश राव, राजेश प्रसाद, अमित झा, हरि सिंह व आशीष झा समेत संस्था के सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे.












