जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र की 3 वर्षीय मासूम बच्ची अफरीन के लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूर्व मानगो नगर निगम प्रत्याशी जेबा खान ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया और जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ललित मीणा से मुलाकात कर बच्ची की जल्द बरामदगी की मांग की. जेबा खान ने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की गंभीरता से जानकारी दी तथा त्वरित कार्रवाई की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद एसपी ललित मीणा ने मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद खोज अभियान को और तेज किया गया. जमशेदपुर पुलिस की सक्रियता, साकची थाना की तत्परता, मीडिया के सहयोग तथा आम लोगों की जागरूकता के परिणामस्वरूप मासूम अफरीन सकुशल बरामद कर ली गई और उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया. अफरीन के सकुशल मिलने के बाद उसके माता-पिता ने जेबा खान से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया तथा इस कठिन समय में उनके द्वारा किए गए प्रयासों के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर जेबा खान ने जमशेदपुर के एसपी ललित मीणा, साकची थाना प्रभारी, पूरी जमशेदपुर पुलिस टीम, मीडिया कर्मियों एवं उन सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद किया जिन्होंने अफरीन को उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. जेबा खान ने कहा कि एक मासूम बच्ची का अपने परिवार तक सुरक्षित पहुंचना पूरे समाज के लिए खुशी की बात है. अफरीन की वापसी सिर्फ एक बच्ची की बरामदगी नहीं, बल्कि एक परिवार की खुशियों, उम्मीदों और मुस्कान की वापसी है.







