जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची बाजार में खरीदारी के दौरान एक 3 वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है. इस संबंध में बच्ची के पिता ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी बेटी को खोजने की गुहार लगाई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानगो थाना क्षेत्र के हयातनगर डिजना बस्ती, चोल्लीडीह निवासी मोहम्मद इम्तियाज (पिता – शेख समसुल) अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 26 मई 2026 को साकची मार्केट खरीदारी करने पहुंचे थे. इसी दौरान बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उनकी 3 वर्षीय बेटी आफरीन अचानक लापता हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों के अनुसार, बच्ची के गायब होने के बाद उन्होंने आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया. इसके बाद परेशान पिता ने साकची थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से बच्ची की जल्द तलाश करने की अपील की. लापता बच्ची का नाम आफरीन बताया गया है. घटना के समय वह गुलाबी रंग का फ्रॉक पहने हुई थी. बच्ची का रंग सांवला बताया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचित करें.बच्ची के पिता मोहम्मद इम्तियाज ने साकची थाना प्रभारी से अनुरोध करते हुए कहा है कि उनकी मासूम बेटी को जल्द से जल्द खोजने में मदद की जाए. इस घटना के बाद परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है. बच्ची के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर मोबाइल नंबर 9122327430 पर संपर्क किया जा सकता है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.







