जमशेदपुर : सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने सुदूरवर्ती और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में जनसरोकार की पहल करते हुए छात्र-छात्राओं के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया. इस दौरान ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों, नशे और नक्सलवाद के दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया गया.2 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर डॉ. एहतेशाम वकारिब ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के साथ ग्रामीण थाना क्षेत्रों के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम इलाकों का भ्रमण किया. इस दौरान स्थानीय छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया. इसके अलावा नक्सलवाद के दुष्प्रभाव, नशे से होने वाले नुकसान और नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से जागरूक होने की आवश्यकता पर भी विस्तार से जानकारी दी गई. पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.




