जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी, न्यू डेवलपमेंट एरिया स्थित लोहार लाइन में बेदी सत्संग सभा श्री राम मंदिर में कोरोना काल से ही अवैध रूप से ताला लगा कर मंदिर की मूल संरचना में परिवर्तन किये जाने की शिकायत प्रकाश में आयी है. इस संबंध में मंदिर कमेटी ने उपायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है. उपायुक्त कार्यालय में सौंपे गये पत्र में मंदिर कमेटी ने कहा है कि यह मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था एवं विश्वास का केंद्र है. श्याम सिंह उर्फ चिकना के द्वारा जबरन मंदिर में ताला लगाकर मंदिर के अंदर अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
बताया गया है कि सन् 1975 से स्थापित बेदी सत्संग सभा श्री राम मंदिर मंदिर (सत्संग सभागार) को श्याम सिंह उर्फ चिकना के द्वारा लॉक डाउन के समय से ही अवैध तरीके से ताला लगाकर बंद कर दिया गया है. इस संबंध में मंदिर कमेटी के द्वारा मंदिर खुलवाने के लिए एक रिट याचिका (W.P.Cr. 257/2021) पिछले 4 सितंबर 2021 उच्च न्यायालय रांची में दायर की गयी है, जो अभी लंबित है. मंदिर कमेटी को पिछले 23 दिसंबर की शाम करीब 7:00 बजे सूचना मिली है कि मंदिर में मजदूर लगाकर अंदर से तोड़कर इस मंदिर की मूल संरचना को बदला जा रहा है. मंदिर कमिटी ने आशंका जतायी है कि मंदिर की मूल संरचना को बदलकर या अवैध निर्माण कराकर मंदिर को बेचा जा सकता है या किसी व्यवसायिक संस्थान या व्यक्ति को किराये पर दिया जा सकता है.





