जमशेदपुर : कांग्रेस नेता दमयंती बारला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महिलाओं के सम्मान एवं अधिकारों के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नलिनी सिन्हा की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रीमती बारला ने भाजपा की नीतियों एवं बयानो पर तीखे सवाल खड़े किये. उन्होंने कहा कि भाजपा एक ओर बड़े-बड़े दावे करती है और वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर महिलाओं को वास्तविक सशक्तीकरण से वंचित रखा जा रहा है. श्रीमती बारला ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा जिस प्रकार भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है, वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण, बल्कि महिलाओं के साथ अन्याय भी है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून को जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़कर लागू करने में देरी की जा रही है, जिससे इसकी प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न खड़ा होता है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं. स्थानीय निकायों से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जबकि भाजपा केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित नजर आती है. भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए श्रीमती बारला ने कहा कि यदि महिलाओं के हितों के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता है, तो 2023 के महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी सवाल किया कि महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पोषण जैसे अहम मुद्दों पर भाजपा की ठोस उपलब्धियां क्या हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने भाजपा द्वारा प्रस्तावित मशाल जुलूस को महज एक राजनीतिक प्रदर्शन करार देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाना है. झारखंड की महिलाएं अब जागरूक हैं और इस तरह के दिखावे को भली-भांति समझती हैं.अंत में जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती नलिनी सिन्हा, पश्चिमी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी सुलेजा, सरायकेला खरसावां जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रश्मि बेसरा ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगी और किसी भी प्रकार के राजनीतिक भ्रम या छल को सफल नहीं होने देगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, सरायकेला की संगीता प्रधान आदि ने भी अपनी बातें रखीं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर्णा गुहा, बहामनी टुडू, शबाना परवीन, रजनी बंसल, सीमा मोहंती, गुड्डी देवी, सुनीता मिश्रा, ईशा कुमारी, लखबीर कौर, सुरिंदर कौर, संतोषी देवी, सुनैना देवी, गीता गुप्ता, मीरा सिंह, बेबी सिंह, यशोदा उरांव, उर्मिला देवी, प्रमिला शर्मा, पूजा देवी आदि भी उपस्थित रहीं.







