जमशेदपुर : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर वर्ष 2024 के 1 मार्च से धरने पर बैठे टाटा मोटर्स के कन्वाइ चालकों ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है. एक वर्ष से अधिक समय से आंदोलनरत कन्वाई चालकों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मजदूर प्रतिनिधि ज्ञानसागर प्रसाद के नेतृत्व में इस संबंध में उपायुक्त को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में कन्वाई चालकों ने उपायुक्त को विगत एक वर्ष से चल रहे अपने आंदोलन की याद दिलाते हुए उनसे अपनी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है. कन्वाई चालकों ने ज्ञापन में उपायुक्त द्वारा एक वर्ष पूर्व उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के दिये आश्वासन की याद दिलाते हुए कहा है कि उसके बाद से उन्हें हर बार उन्हें आश्वासन दिया जाता है. कभी एसडीओ, कभी एडीएम तो कभी जमशेदपुर श्रम विभाग के पदाधिकारी द्वारा उनकी समस्याओं के समाधान की पहल की जाती रही, किन्तु आज एक साल बीत जाने के बावजूद कुछ भी नहीं हो सका है. कन्वाई चालकों ने केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी, 8 घंटे से अधिक काम करने के लिए तय वेतन, सालाना बोनस, इंश्योरेंस, पीएफ, बैंक के जरिये वेतन भुगतान को अनिवार्य बना दिये जाने के बावजूद वे उसे लागू कराने के लिए विगत एक साल से आंदोलन ही चला रहे हैं. उन्होंने याद दिलाया है कि ऐसे मामलों में उच्चाधिकारियों की जवाबदेही पूर्व निर्धारित है, इसके बाद भी आज तक इस मामले में कुछ भी नहीं हो पाया है. (नीचे भी पढ़ें)
कन्वाई चालकों ने उपायुक्त को अपना वर्तमान अभिभावक बताते हुए उनसे न्याय मिलने की उम्मीद जताई है. कन्वाई चालकों ने कहा है कि इस संबंध में एक साल का महत्वपूर्ण समय बीत चुका है, और उनका भी अब कभी भी तबादला हो सकता है. ऐसा होने पर उन्हें भी कन्वाई चालकों की समस्या नहीं निबटा पाने का मलाल रह जायेगा और कन्वाई चालक भी दुखी रह जाएंगे. ऐसे में कन्वाई चालकों ने उनसे अपनी मांगों को लेकर शीघ्र न्याय दिलाने की गुहार लगाई है.



