जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र की ग्वाला बस्ती निवासी 25 वर्षीय प्रियांशु गुप्ता ने रविंद्र ठाकुर के खिलाफ रंगदारी मांगने, जानलेवा हमला करने और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दी है. शिकायतकर्ता ने आरोपी से खुद और अपने परिवार की जान-माल को खतरा बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच ग्वाला बस्ती चौक पर रविंद्र ठाकुर ने प्रियांशु को रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि आरोपी ने उससे पांच हजार रुपये रंगदारी की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)

रुपये देने से इनकार करने पर कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. प्रियांशु के अनुसार, रात करीब नौ बजे वह एमजीएम अस्पताल जा रहा था. इसी दौरान डिमना चौक के पास रविंद्र ठाकुर ने उसे दोबारा रोक लिया. आरोप है कि वहां आरोपी ने चापड़ से उस पर हमला किया और फिर पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी. हथियार दिखाए जाने से प्रियांशु भयभीत हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत में प्रियांशु ने आरोप लगाया है कि रविंद्र ठाकुर तीन दिन पहले ही फायरिंग के एक मामले में जेल से बाहर आया है. उसने आरोपी पर क्षेत्र में गुंडागर्दी और अवैध रूप से हफ्ता वसूली करने का भी आरोप लगाया है. शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.




