
जमशेदपुर : उलीडीह थाना अंतर्गत खडिय़ा बस्ती में गुरुवार देर रात कार सवार बदमाशों ने डिमना रोड निवासी जसबीर सिंह उर्फ विक्की पर गोली चलाने का प्रयास किया. जसबीर ने बताया कि वह खडिय़ाबस्ती के पास खड़ा था। पीछे से कार सवार चार युवक उतरे। उनमें से एक युवक ने आकर सिर पर बंदूक सटाई और फायर किया। इस दौरान मिस फायर हो गया। आवाज सुनकर बस्ती के लोग सभी को पकडऩे दौड़े। उनमें से एक बदमाश को स्थानीय लोगो ने खदेड़ कर पकड़ लिया पर तीन भागने में सफल हो गए। गोली नहीं चलने पर सभी युवक कार में बैठकर भागने लगे। भागने के दौरान कार सवार एक बदमाश को स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ा गया। पकड़े गए युवक का नाम रोहित सिंह है। वह सोनारी का रहने वाला है. सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और सभी को थाना ले आई। जसबीर ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाले युवकों में संकी यादव, मनोज शर्मा उर्फ खडऩजा के अलावा दो अन्य युवक शामिल थे। वहीं घटना के थोड़ा देर बाद ही पुलिस ने हयात नगर में कार के साथ मनोज को पकड़ा। घटना की सूचना पाकर जसबीर के परिजनों के साथ मानगो गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, उप प्रधान त्रिलोक सिंह, सचिव जसवंत सिंह, और अन्य सदस्य थाना पहुंचे।




