
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत नया कोर्ट के समीप मंगलवार शाम छाया नगर के पास हुई सड़क दुर्घटना के बाद स्कूटी सवार गोलमुरी निवासी अंशुल कुमार को बाइक सवार कुणाल कुमार ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद कुणाल मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने अंशुल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अंशुल के गले में चोट लगी है।अंशुल ने बताया कि वह अपने घर से शाम में नया कोर्ट की तरफ जा रहा था। उसी वक्त छायानगर के पास उनकी स्कूटी के आगे जा रहे बाइक सवार ने बिना इंडिकेटर दिए गाड़ी मोड़ दी। इसका विरोध करने पर बाइक सवार युवक बाइक खड़ी कर आया और गाली-गलौज करते हुए उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। इस संबंध में घायल ने पुलिस में शिकायत की है।








