जमशेदपुर: डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के रोटरैक्ट क्लब की ओर से भीषण गर्मी के मद्देनजर कदमा स्थित पेट्रोल पंप परिसर में राहगीरों, वाहन चालकों तथा आम लोगों के बीच ठंडे शरबत का वितरण किया गया. इस सेवा कार्य का उद्देश्य भीषण धूप एवं गर्मी में पेट्रोल लेने के लिए कतार में खड़े लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाना तथा समाज सेवा के प्रति युवाओं को जागरूक करना था. (नीचे भी पढ़ें)

कॉलेज की प्राचार्या के मार्गदर्शन में आयोजित उक्त कार्यक्रम के लिए कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा भी मिलनी चाहिए. महाविद्यालय की प्राचार्या ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है तथा इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा भावना, सहयोग एवं सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने सभी रोटरैक्ट सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी. रोटरैक्ट क्लब के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ पेट्रोल पंप पर आने-जाने वाले लोगों को ठंडा शरबत पिलाया. भीषण गर्मी में लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कॉलेज परिवार एवं रोटरेक्ट क्लब को धन्यवाद दिया. इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, रोटरैक्ट क्लब के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.







