जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र संख्या 89 में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत प्राप्त प्रपत्रों एवं संलग्न दस्तावेजों का सुपर चेकिंग किया. इस दौरान प्रपत्रों में दर्ज विवरण एवं संलग्न दस्तावेजों की जांच करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सत्यापन की प्रक्रिया का अवलोकन किया. इसके उपरांत उपायुक्त ने बिरसानगर के मतदान केंद्र संख्या 106 में होम टू रोल वेरिफिकेशन के तहत घर-घर जाकर मतदाता सूची में दर्ज नामों का परिवारवार सत्यापन किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि संबंधित परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं. साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित करने पर जोर दिया गया, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, ताकि उनका निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि सत्यापन कार्य में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए. घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएं तथा नाम जोड़ने से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया एवं डिजिटाइजेशन में अनावश्यक विलंब न हो, यह सुनिश्चित करें. मौके पर ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित बीएलओ एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे.












