जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 16 के एक बंद मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. मृतक की पहचान मोहम्मद इक़बाल अख्तर खान के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित मकान काफी दिनों से बंद पड़ा था. इसी दौरान घर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कपाली ओपी पुलिस को दी, जिसके बाद पहुंची कपाली पुलिस की टीम ने लोगों की मौजूदगी में घर का दरवाजा खोलवाया. अंदर प्रवेश करने पर एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. वहीं घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है, ताकि मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके.







