जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन ने आगामी दो माह के लिए सामाजिक, धार्मिक, पर्यावरणीय एवं संगठनात्मक गतिविधियों का व्यापक कार्यक्रम तैयार किया है. सितंबर और अक्टूबर में गो-भागवत, 3,000 फलदार पौधों का वितरण, महाराजा अग्रसेन जयंती पर सप्ताह व्यापी कार्यक्रम तथा 51 आदिवासी जोड़ों के सामूहिक विवाह जैसे प्रमुख आयोजन किए जाएंगे. इसके साथ ही जिले में संरक्षक सदस्यता अभियान को भी विशेष गति दी जाएगी. जिलाध्यक्ष मंटू अग्रवाल, जिला महामंत्री बिमल बाकरेवाल एवं जिला कोषाध्यक्ष राजेश गर्ग ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज को केवल आयोजनों तक सीमित न रखते हुए गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और संगठनात्मक सहभागिता से जोड़ना है. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन एवं ध्यान फाउंडेशन, चाकुलिया गौशाला के संयुक्त तत्वावधान में 18, 19 एवं 20 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित कमानी ऑडिटोरियम में द्वितीय वर्ष ‘गो-भागवत’ का आयोजन किया जाएगा. आयोजन के माध्यम से गो सेवा के प्रति जनजागरण और समाज की व्यापक सहभागिता एवं जागरूकता का प्रयास किया जाएगा. भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक मोदी के संयुक्त तत्वावधान में भादो माह में वृहद फलदार वृक्ष वितरण अभियान प्रस्तावित है. इसमें नदिया जिले से आम, अमरूद, नींबू, लीची और कटहल के करीब 3,000 पौधे मंगाकर लगभग ₹50 प्रति पौधे की न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराने की योजना है. सम्मेलन द्वारा पौधों की बुकिंग शुरू कर दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
महाराजा अग्रसेन जयंती को इस वर्ष व्यापक सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया जाएगा. 5 से 11 अक्टूबर तक विभिन्न शाखाओं में बच्चों, महिलाओं एवं युवाओं के लिए सप्ताह व्यापी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. 11 अक्टूबर को मुख्य समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा. कार्यक्रम के संचालन में सम्मेलन की महिला एवं युवा इकाइयों की प्रमुख भूमिका रहेगी. आगामी 25 अक्टूबर को 51 आदिवासी जोड़ों के सामूहिक विवाह में सहभागिता करेगा. आयोजन ब्रह्मलोक धाम, एयरबेस कॉलोनी, कदमा एवं विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन समाज के सहयोग से सभी 51 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद स्वरूप उपयोगी घरेलू सामग्री एवं उपहार प्रदान करेगा. इसके लिए विभिन्न आवश्यक वस्तुएं 51-51 की संख्या में एकत्रित करने के साथ 51 यजमानों को जोड़ने की तैयारी भी प्रारंभ की जा रही है. झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन द्वारा चलाए जा रहे संरक्षक सदस्यता अभियान को पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष गति दी जाएगी. पूर्व से जुड़े आजीवन सदस्यों को संरक्षक सदस्य के रूप में अपग्रेड करने के साथ नए संरक्षक सदस्य भी बनाए जा रहे हैं. प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल किशोर अग्रवाल ने अपने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजबंधुओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. जो प्रतिनिधि किसी विशेष आयोजन में जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं, वे स्वेच्छा से अपना नाम, कार्यक्रम और इच्छित दायित्व जिला नेतृत्व को दे सकते हैं. उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप दायित्व देने का प्रयास किया जाएगा.




