जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी से सरायकेला-खरसावां जिले के डोबो को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल का नामकरण करने को लेकर कुड़मी और आदिवासी समुदाय के लोग आमने सामने हो गये है. इसको लेकर दो दिनों से जमकर बवाल हो रहा है. बुधवार को पुल का नामकरण चुआड़ सेना ने शहीद रघुनाथ महतो के नाम पर कर दिया था. इन लोगों ने वहां रघुनाथ महतो की प्रतिमा भी स्थापित कर उसका बोर्ड लगा दिया था. इसकी सूचना मिलने के बाद बिरसा सेना के आदिवासी समुदाय के लोग वहां पहुंचे और वहां लगे बोर्ड को हटा दिया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद गुरुवार की सुबह सारे लोग पहुंचकर हंगामा करने लगे. बिरसा सेना के लोगों ने वहां बोर्ड भी लगा दिया. इस दौरान लोगों ने बिरसा सेना का विरोध भी किया. इस दौरान पुलिस का भारी बंदोबस्त किया गया था. चुआड़ सेना का दावा है कि वे लोग प्रतिमा लगाये तो उसको नुकसान पहुंचाने की कोशिश बिरसा सेना ने किया जबकि बिरसा सेना ने कहा कि वहां के मुखिया से किसी तरह की बातचीत किये बगैर ही उन लोगों के बिरसा मुंडा पुल का नाम हटा दिया और फिर प्रतिमा अवैध तरीके से लगा दिया. इसको लेकर फिलहाल तनाव है. बिरसा सेना का आदिवासी समुदाय से जुड़ाव है जबकि चुआड़ सेना में कुड़मी महतो लोग है. इसको लेकर दोनों ओर से तनातनी चल रही है.











