जमशेदपुर: 1 मई 2025 को जेवियर पब्लिक स्कूल डोरकासाई में श्रमिक दिवस (मजदूर दिवस) को पूरे आदर और गरिमा के साथ मनाया गया. यह दिन उन सभी मेहनतकश लोगों को समर्पित है, जो अपने श्रम, समर्पण और सेवा से समाज तथा संस्थाओं के संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह की विशेष सभा से हुई, जहां विद्यालय की उपप्रधानाचार्या मीना गुप्ता ने मंच से सभी विद्यार्थियों को श्रमिक दिवस के महत्व के बारे में बताया. उन्होंने श्रमिकों के अधिकार, उनकी मेहनत का सम्मान, और समाज में उनकी भूमिका को समझने की बात कही. उनके शब्दों ने छात्रों के मन को छू लिया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके पश्चात विद्यालय में कार्यरत सभी श्रमिकों — जैसे सुरक्षा गार्ड, आया दीदी, सफाई कर्मचारी, रसोई कर्मचारी, हेल्पर, हाउसकीपर आदि — को एक-एक करके मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया. उन्हें मिठाईयां और उपहार प्रदान किए गए, और पूरा विद्यालय परिसर तालियों से गूंज उठा. इन श्रमिकों के चेहरे पर गर्व और आत्मसम्मान की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही थी. उन्होंने इस छोटे से सम्मान को अपने जीवन का एक यादगार क्षण बताया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर विद्यालय के एक सुरक्षा गार्ड ने आत्मविश्वास के साथ अंग्रेज़ी में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया. यह भाषण न सिर्फ प्रेरणादायक था, बल्कि विद्यार्थियों के लिए एक उदाहरण भी बन गया. इस आयोजन के माध्यम से बच्चों ने यह महत्वपूर्ण सीख भी प्राप्त की कि समाज में हर व्यक्ति समान है और सभी को बराबरी का सम्मान मिलना चाहिए, चाहे उनका कार्य कुछ भी हो। विद्यार्थियों ने महसूस किया कि श्रमिकों के बिना कोई भी संस्था पूर्ण नहीं हो सकती और उनका योगदान अमूल्य होता है. कार्यक्रम ने सभी को यह सोचने पर विवश कर दिया कि हमें रोजमर्रा की ज़िंदगी में हर श्रमिक का सम्मान करना चाहिए. यह श्रमिक दिवस समारोह न केवल सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि यह विद्यार्थियों के लिए एक नैतिक शिक्षा का अवसर भी रहा.




