जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू पहले से बेहतर महसूस कर रही है. उनको आइसीयू से वापस वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है. अगर सबकुछ सामान्य रहा तो गुरुवार तक घर लौट सकती है. इस बीच जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के अस्वस्थ होने की सूचना प्राप्त होने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू टीएमएच पहुंचे. उन्होंने उनसे मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना. उन्होंने ईश्वर से शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की है. उन्होंने कहा कि प्रभु की कृपा से वे जल्द ही पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हों, यही मंगलकामना है. उनके साथ संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी व अन्य मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)

उनके ससुर और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी उनसे मिलने के लिए पहुंचे. दूसरी ओर, विधायक पूर्णिमा साहू के बीमार होने की जानकारी उनके पति ललित दास ने अपने सोशल मीडिया पर साझा की है. उन्होंने लिखा है कि सोमवार रात्रि उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक पूर्णिमा दास साहू की अचानक तबीयत खराब होने के कारण उन्हें तत्काल टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. उन्होंने बताया है कि चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है और प्रारंभिक चिंता के बाद अब उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर है. ललित दास ने बताया है कि ईश्वर तुल्य जनता जनार्दन के स्नेह, शुभकामनाओं, प्रार्थनाओं एवं मां भगवती की असीम कृपा से उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है. चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार वे शीघ्र ही पूर्णतः स्वस्थ होकर सभी के बीच लौटेंगी. सभी से विनम्र आग्रह है कि किसी प्रकार की चिंता या घबराहट न करें तथा उन्हें अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते रहें. (नीचे भी पढ़ें)

श्री दास ने कहा है कि उनको पूर्ण विश्वास है कि जनता के प्रेम, विश्वास और स्नेह की शक्ति से वे जल्द ही पूर्ववत ऊर्जा, उत्साह एवं समर्पण के साथ जमशेदपुर पूर्व विधानसभा की देवतुल्य जनता-जनार्दन की सेवा में पुनः सक्रिय होंगी. इस कठिन समय में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करने, कुशलक्षेम जानने तथा निरंतर प्रार्थना करने वाले सभी शुभचिंतकों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. गौरतलब है कि ब्लड प्रेसर लो होने की शिकायत के बाद पूर्णिमा साहू को टीएमएच में एडमिट कराया गया था.







