जमशेदपुर : टाटा स्टील की जमीन पर कथित अतिक्रमण के खिलाफ कंपनी ने कार्रवाई तेज कर दी है. टाटा स्टील के लैंड मैनेजमेंट विभाग की शिकायत पर मंगलवार को सोनारी स्थित दो निर्माणाधीन बहुमंजिला आवासीय कांप्लेक्स के बिल्डरों को जमशेदपुर के अंचलाधिकारी ने जेपीएलई एक्ट के तहत नोटिस जारी किया है. जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें मीरा देवी अग्रवाल (आहाना रेजीडेंसी) तथा महेश अग्रवाल (आकाश निर्वाणा) शामिल हैं. नोटिस में दोनों को आगामी दो जून से पहले अंचल अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है. कंपनी सूत्रों के अनुसार, आकाश निर्वाणा के बिल्डर पर सड़क किनारे स्थित टाटा स्टील की करीब 10 हजार वर्गफुट जमीन को बाउंड्री के अंदर शामिल कर कब्जा करने का आरोप है. (नीचे भी पढ़े)
बताया गया कि इस मामले में पूर्व में भी बिल्डर को नोटिस दिया गया था. कार्रवाई नहीं होने पर टाटा स्टील की ओर से कथित अतिक्रमित हिस्से की चहारदीवारी तोड़ने की कार्रवाई की गई थी. इसके बाद अब सार्वजनिक भूमि अतिक्रमण अधिनियम (जेपीएलई एक्ट) के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है. इसी प्रकार सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर के पीछे बन रही आहाना रेजीडेंसी के बिल्डर पर आरोप है कि उन्होंने टाटा स्टील की 11 हजार स्क्वायर फुट से अधिक भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है. उन्हें भी जेपीएलई एक्ट के तहत नोटिस जारी किया गया है. कंपनी सूत्रों का कहना है कि शहर में टाटा स्टील की भूमि पर जहां भी अवैध कब्जा या अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.








