जमशेदपुर : आसन्न होली के मद्देनजर जिला आबकारी विभाग ने गोविंदपुर एवं बिरसानगर थाना क्षेत्रों में छापामारी कर 210 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ ही करीब 16 हजार किलो जावा महुआ भी बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि होली के त्योहार को देखते हुए जिला आबकारी विभाग अभी से सतर्क हो गया है. विभागीय अधिकारी रोज कहीं न कहीं छापामारी कर अवैध शराब माफियों के विरुद्ध कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर रहे हैं. इसी क्रम में कोवाली में रंगीन शराब बरामद की गयी थी. इसी कड़ी में आबकारी अधिकारियों ने गोविंदपुर एवं बिरसानगर थाना क्षेत्रों में छापामारी कर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब एवं जावा महुआ जब्त किया है. इसके तहत गोविंदपुर थानांतर्गत मनपीटा एवं बिरसानगर थाना क्षेत्र के दुखूटोला नाला एवं हुरलुंग नदी किनारे चल रही भट्ठियों पर छापामारी की. आबकारी अधिकारियों ने दोनों स्थानों से 210 लीटर अवैध महुआ शराब एवं 16 हजार किलो जावा महुआ बरामद किया है. जावा महुआ को अधिकारियों ने वहीं नष्ट कर दिया. हालांकि छापामारी के दौरान उक्त स्थानों से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. आबकारी अधिकारियों ने इस संबंध में 4 लोगों के खिलाफ फरारी के अभियोग में मामला दर्ज कराया है, जिस संबंध में जांच जारी है.




