जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में सोमवार को सेवानिवृत्त दो होमगार्ड जवानों को भावभीनी विदाई दी गई. लंबे समय तक समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा देने वाले जवानों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में सहकर्मियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. सेवानिवृत्त होने वाले जवानों में सुधीर कुमार एवं मदन मोहन गोराई शामिल हैं. दोनों ने करीब 37 वर्षों तक होमगार्ड सेवा में रहते हुए विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया. अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना का परिचय देते हुए संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने दोनों जवानों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया. वक्ताओं ने कहा कि लंबे सेवाकाल में दोनों जवानों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और लगन के साथ किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा. इस अवसर पर होमगार्ड प्रभारी दिग्विजय पांडेय सहित पंकज कुमार ओझा, योगेंद्र शर्मा, अखिलेश ओझा, संजय प्रसाद, मनीष कुमार, शिव प्रकाश कुमार, संजीव कुमार, अभिषेक कुमार, शिवप्रसाद महतो, सोनाराम हेंब्रम, शंभू चरण महतो, अंजना महतो, धात्री महतो, प्रतिमा सोरेन एवं कपिल देव यादव समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे. सभी ने सेवानिवृत्त जवानों के स्वस्थ, सुखमय और सम्मानजनक जीवन की कामना की.






