जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालुबासा इंद्रानगर बस्ती में बीती रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में 85 वर्षीय शोभा मुखर्जी की दर्दनाक मौत हो गई. यह हृदयविदारक घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है. अचानक लगी आग इतनी तेजी से फैली कि बुजुर्ग महिला को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका. (नीचे भी पढ़ें)
मृतका की बेटी शोभना मुखर्जी ने बताया कि रोज की तरह रात में भोजन करने के बाद उनकी मां अपने कमरे में सोने चली गई थीं. परिवार के अन्य सदस्य भी अपने-अपने कमरों में सो रहे थे. देर रात अचानक घर के एक हिस्से में आग लग गई. जब तक परिवार और आसपास के लोग कुछ समझ पाते और मदद के लिए आगे आते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और शोभा मुखर्जी उसकी चपेट में आ चुकी थीं. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें बाहर निकालना संभव नहीं हो सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस घटना में घर का सामान भी आंशिक रूप से जलकर खाक हो गया। हादसे के बाद इंद्रानगर बस्ती में शोक का माहौल है. बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत से पूरा इलाका गमगीन है.



