जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गोलछा मार्केट के पास यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान में हुई फायरिंग मामले में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है. मामले में नाम सामने आने के बाद मानगो के मानिफिट क्षेत्र निवासी सागर उपाध्याय ने शुक्रवार को जुगसलाई थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. सूत्रों के अनुसार सागर पिछले दो दिनों से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. जानकारी के मुताबिक पुलिस ने पूछताछ के लिए दो दिन पहले सागर के पिता को थाना बुलाया था. इसके बाद बढ़ते दबाव के बीच सागर ने खुद थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया. हालांकि जुगसलाई थाना पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की घटना के पीछे रंगदारी, आपसी विवाद या अन्य कोई आपराधिक कारण था.
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय के समीप यूनिक कलेक्शन नामक रेडीमेड कपड़ा दुकान में अपराधियों ने घुसकर फायरिंग कर दी थी. घटना के समय दुकान में मौजूद संचालक बिनेश कुमार बेरिया उर्फ दिनेश कुमार केडिया बाल-बाल बच गए थे. गोली उनके सिर और कान के ऊपर से गुजर गई थी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और बाजार में दहशत का माहौल बन गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान में जुट गई थी. अब सागर उपाध्याय के सरेंडर के बाद पुलिस को मामले के खुलासे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.







