जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. वार्ड संख्या-5 स्थित इस्लामनगर मजार के पीछे चारदीवारी निर्माण करा रहे जमीन मालिक पर बदमाशों ने तीन राउंड गोलियां चला दीं. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. घायल अफसर नवाज, जो कपाली के वार्ड संख्या-20 के निवासी हैं, ने बताया कि वह अपनी निजी जमीन पर चारदीवारी निर्माण का कार्य करा रहे थे. इसी दौरान 8 से 10 की संख्या में पहुंचे आरोपियों ने उनसे रंगदारी की मांग की. विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते फायरिंग कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
अफसर नवाज के अनुसार, फायरिंग के दौरान एक गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए. वहीं दूसरी गोली सड़क पर जा गिरी. अचानक हुई गोलीबारी से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. घायल का प्राथमिक उपचार के लिए एमजीएम में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. घायल रहने वाला कपाली रोड नंबर 20 का है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और घटना में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.







