जमशेदपुर : दोस्ती और विश्वास का फायदा उठाकर धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला साकची थाना पहुंचा है. काशीडीह लाइन नंबर 13 की रहने वाली मेघा बोस ने अपनी करीबी दोस्त रीना कुमारी और उसके परिवार के खिलाफ बिजनस खड़ा करने के नाम पर लगभग 13 लाख रुपये और गहने हड़पने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता मेघा बोस के अनुसार, भुइयांडीह शिव मंदिर पटना लाइन निवासी रीना कुमारी ने अपने भाई संजय कुमार साहनी का बिजनस शुरू कराने के नाम पर उनसे रो-रोकर मदद मांगी थी. रीना ने भरोसा दिलाया था कि लोन की किस्तें वे समय पर भर देंगे. दोस्त की बातों में आकर मेघा ने अपने नाम पर मनी व्यू, चोलामंडलम फाइनेंस और फाइनक्रॉप फाइनेंस आदि से लगभग 13 लाख रुपये का लोन लिया और रकम रीना कुमारी, उसके भाई संजय कुमार साहनी व मां मंजू देवी के खातों में ट्रांसफर कर दी. इसके अलावा शादी के समय अपने सोने के गहने भी दिए और क्रेडिट कार्ड व स्वाइप मशीन के जरिए 1.50 लाख रुपये रीना के खाते में जमा कराए. (नीचे भी पढ़ें)

शुरुआत में कुछ महीनों तक रीना और उसके परिवार ने लोन की किस्तें चुकाईं, लेकिन बाद में किस्तें देना बंद कर दिया. जब पीड़िता ने संपर्क करने की कोशिश की, तो पता चला कि आरोपी अपना घर बंद कर फरार हो चुके हैं. किस्तों का भारी आर्थिक बोझ अब पीड़िता पर आ गया है. पीड़िता को अंदेशा है कि रीना कुमारी दिल्ली में रहने वाले अपने पति आशीष कुमार के पास छिपी हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता ने शिकायत में यह भी आशंका जताई है कि ठगी की इस राशि का उपयोग कार (जेएच 05 डीवाई9199) और एक 12-चक्का ट्रेलर की खरीद में किया गया है. इस मामले में संजय कुमार के दोस्त केशव की भूमिका पर भी संदेह जताया गया है, जो घटना के बाद से कार लेकर फरार है. पीड़िता ने साकची थाना प्रभारी से बैंक दस्तावेजों, ट्रांसफर साक्ष्यों और बिलों की जांच करते हुए प्राथमिकता के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने तथा रकम व गहनों की बरामदगी की गुहार लगाई है.




