जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत डिमना रोड में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने भिक्षा मांग रहे दो बाबाओं को संदेह के आधार पर पकड़ लिया. लोगों का आरोप है कि इन्हीं दोनों बाबाओं ने कुछ दिन पूर्व सुभाष कॉलोनी निवासी एक महिला से ठगी की थी और एक बार फिर इलाके में इसी तरह की घटना को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे है. स्थानीय लोगों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही रोककर पूछताछ की गयी. (नीचे भी पढे़ं)
पुराने ठगी मामले में बताए गए हुलिये से मेल खाने पर लोगों ने तुरंत उलीडीह ओपी पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बाबाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. फिलहाल पुलिस महिला से हुई ठगी की घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों से पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.







