जमशेदपुर : जमशेदपुर के ऐतिहासिक गोलमुरी गोल्फ कोर्स में 21 और 22 फरवरी को प्रतिष्ठित 48वां जुबिली गोल्फ टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा. दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न शहरों से लगभग 250 गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. टूर्नामेंट में पुणे, पारादीप, भुवनेश्वर, जमशेदपुर और रांची से खिलाड़ी भाग लेंगे, जिससे यह क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण गोल्फ आयोजनों में से एक बन गया है. इस प्रतियोगिता का आयोजन गोलमुरी क्लब और जमशेदपुर गोल्फ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसे टाटा स्टील एवं संबद्ध संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है. देशभर से आए खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिसमें खेल भावना, उत्कृष्टता और जमशेदपुर की समृद्ध गोल्फ विरासत का उत्सव मनाया जाएगा. टूर्नामेंट के दौरान टाटा स्टील, गोलमुरी क्लब और जमशेदपुर गोल्फ से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
प्रमुख रूप से इनमें टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम एवं जमशेदपुर गोल्फ के कैप्टन और टिनप्लेट के इआइसी उज्ज्वल चक्रवर्ती, गोलमुरी क्लब के सचिव राजेश रोशन, टाटा स्टील के चीफ सेफ्टी नीरज सिन्हा शामिल हैं. इसके अतिरिक्त जमशेदपुर गोल्फ के सीइओ एलन सिंह, जेसीएपीसीपीएल के एमडी अभिजीत नानोती और टाटा स्टील के चीफ कारपोरेट सर्विसेज वरुण बजाज उपस्थिति भी रहेगी. जुबिली गोल्फ टूर्नामेंट का उद्देश्य प्रतिस्पर्धात्मक गोल्फ को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ देशभर की गोल्फिंग कम्युनिटी के बीच खेल संबंधों को सुदृढ़ करना है. आयोजकों ने विश्वास जताया है कि यह आयोजन गोलमुरी गोल्फ कोर्स की उत्कृष्ट परंपरा को कायम रखते हुए खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए एक समृद्ध एवं यादगार अनुभव प्रदान करेगा.



