जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी के विशेष दत्तक ग्रहण संस्था में आवासित एक अनाथ बच्चे को दत्तक ग्रहण (गोद लेने) की निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन के माध्यम से दत्तक परिवार को सुपुर्द किया गया. दत्तक ग्रहण से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं निर्धारित प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद बच्चे को परिवार के सुपुर्द किया गया. दत्तक परिवार रांची का निवासी है. परिवार ने अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध किया है. परिवार की निजता का सम्मान करते हुए उनकी पहचान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है. (नीचे भी पढ़े)
जिला प्रशासन द्वारा अनाथ एवं देखरेख की आवश्यकता वाले बच्चों के आवासन, सुरक्षा, उचित देखभाल तथा समुचित विकास के लिए सभी आवश्यक पहलुओं का ध्यान रखा जाता है. बच्चों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उनके संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्य किया जाता है. उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल से अब तक पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) प्रशासन द्वारा कुल 7 अनाथ बच्चों को दत्तक परिवारों को सुपुर्द किया जा चुका है. यह पहल बच्चों को सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके बेहतर भविष्य और समुचित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.





