जमशेदपुर : गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के अंतर्गत आनेवाली 21 पंचायतों में विगत 2 दिनों से जलापूर्ति ठप है. योजना की 700 एमएम की पाइपलाइन में विगत एक वर्ष से हो रही लीकेज की मरम्मत का काम जारी होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. हालांकि क्षेत्र के निवासियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि गोविंदपुर जलापूर्ति योजना की 700 एमएम पाइपलाइन में विगत एक साल से लीकेज होने के कारण रोज हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा था. जिला पार्षद डॉ परितोष सिंह द्वारा संबंधित विभाग को लगातार सूचित किये जाने के बाद विभाग की ओर से उक्त लीकेज की मरम्मत करायी जा रही है, हालांकि इसके कारण क्षेत्र के बड़े भाग में जलापूर्ति बाधित हो गयी है. लोगों की तकलीफ को देखते हुए आज टाटा पावर के सहयोग से विभिन्न बस्तियों में टैंकर से जलापूर्ति कराई जा रही है. इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सतवीर सिंह बग्गा भी उपस्थित रहे. बुधवार शाम 5 बजे तक जलापूर्ति पुनः सुचारू रूप से शुरू हो जाने की संभावना जतायी गयी है.



