जमशेदपुर : जमशेदपुर अभिभावक संघ शहर के निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ लगातार आंदलित हैं. जहां एक बार फिर से संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंच जिले के उपायुक्त से सोनारी के खूटाडीह एवं बालीचेला स्थित आरएमएस स्कूल प्रबंधन पर अभिवंचित वर्ग के बच्चों के अभिभावकों को परेशान किए जानेऔर आरटीई कानून का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए एक मांग पत्र सौंपा है. आपको बता दे अभिभावक संघ लगातार शहर के निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को अवगत करा रहा है, बावजूद इसके निजी स्कूल अभिवंचित वर्ग के छात्रों के नामांकन को लेकर पेंच फंसाने से बाज नहीं आ रहे हैं. वहीं एकबार फिर से संघ ने उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उक्त दोनों स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है.

इस संबंध में संघ के अध्यक्ष डॉ उमेश कुमार ने बताया कि मार्च में सभी बच्चों का नामांकन लिया जाना था. लेकिन स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को यह कहकर टाल दिया गया कि घरों का वेरिफिकेशन के बाद ही बच्चों का नामांकन लिया जाएगा. इसी बीच देश में कोरोना महामारी को लेकर लॉकडाउन लग गया. उन्होंने बताया कि इस बीच जून महीने में स्कूल प्रबंधन की ओर से फिर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गयी, लेकिन फिर से अभिभावकों को परेशान किया जा रहा है. वहीं बालीचेला आरएमएस स्कूल प्रबंधन पर उन्होंने अभिवंचित वर्ग के बच्चों के अभिभावकों से नामांकन फॉर्म के एवज में पैसे मांगने का भी आरोप लगाते हुए उपायुक्त से जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है.







