
Jamshedpur : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नीलडुंगरी निवासी कार मिस्त्री धीरज शर्मा और उनके हेल्पर मनीष का कार से आए कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया. घटना बुधवार शाम की है. वहीं धीरज की पत्नी ने सुंदरनगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है, पर इस मामले में अब तक पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है. धीरज कार मिस्त्री हैं, नीलडुंगरी स्थित घर में ही उनका गैरेज है, जहां मनीष भी काम करता है. इस संबंध में धीरज की पत्नी बिंदु देवी ने बताया कि बुधवार की शाम को हाता की ओऱ से कार पर सवार होकर चार लोग आए और धीरज से कहा कि उनकी कार खराब हो गई है. धीरज उनके साथ उनकी कार में बैठ गए. साथ में मनीष को भी बैठाया. रात को उनके नंबर पर फोन करने पर फोन बंद आया. सुबह होने पर मकान मालिक ने उन्हें बताया कि शाम को कार से चार आदमी आए और उन्हे लेकर गए थे. इधर बिंदु ने सुंदरनगर थाना में शिकायत की. पुलिस ने अभी तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की है. हालांकि पुलिस इस मामले को गुमशुदगी समझते हुए जांच कर रही है. धीरज के मोबाइल नंबर को ट्रेस पर लगाया गया है. इधर धीरज की पत्नी बिंदु को डर है कि कहीं धीरज के साथ अन्होनी न हो जाए.







