जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित होटल सन इंटरनेशनल डिमना चौक में मंगलवार को हिंदू नववर्ष यात्रा को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गयी. इस दौरान यात्रा के संस्थापक मृत्युंजय कुमार ने सभी सनातन प्रेमियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए नववर्ष को हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाने का आह्वान किया. उन्होंने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर भगवा ध्वज एवं पताका लगाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की. यात्रा के संरक्षक रामबाबू तिवारी ने बताया कि वर्षों पहले शुरू की गयी यह पहल आज शहर की एक भव्य और विशाल हिंदू नववर्ष यात्रा का रूप ले चुकी है, जो निरंतर आगे बढ़ रही है. वहीं उपेंद्र सिंह मस्तान ने इसे सनातन संस्कृति का उत्सव बताते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी पर जोर दिया. वक्ताओं ने कहा कि 18 मार्च को नववर्ष यात्रा निकाली जायेगी. भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होता है, जिसे विक्रम संवत के अनुसार मनाया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना आरंभ की थी और यह दिन वासंतिक नवरात्र का भी प्रथम दिन होता है. (नीचे भी पढे़ं)
इस अवसर पर प्रकृति में नवजीवन का संचार होता है और इसे नई शुरुआत, संकल्प और सांस्कृतिक जागरूकता का प्रतीक माना जाता है. यात्रा के अध्यक्ष सर्वजीत तिवारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट के अनुसार डिमना मैदान से यात्रा प्रारंभ होकर डिमना चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, संकोसाई, पारस नगर, हीरा होटल, महाराणा प्रताप चौक, बंगाल क्लब होते हुए आमबागान मैदान तक पहुंचेगी, जहां भारत माता की आरती की जाएगी. उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की. संस्थापक मृत्युंजय कुमार ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और भारतीय नववर्ष के महत्व को समझना आवश्यक है. उन्होंने पश्चिमी प्रभाव से दूर रहकर भारतीय परंपराओं को अपनाने का संदेश दिया. साथ ही व्यक्तिगत और संस्थागत स्तर पर पूजा-पाठ, सेवा कार्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से नववर्ष मनाने की अपील की गयी. प्रेस वार्ता में उमेश सिंह, दशरथ चौबे, जितेंद्र सिंह, नितिन चंद्र त्रिवेदी, राजेश सिंह, दीपक भदानी, दया शंकर, राकेश साहू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. सभी ने एकजुट होकर समाज को नववर्ष के प्रति जागरूक करने और यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया.




