जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना पारडीह रोड एनएच 33 पर स्थित उमा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में एक मरीज की आंखों को निकाल लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हालांकि, प्रबंधन ने इस आरोप को गलत बलताया है. इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लोगों ने जमशेदपुर के एसएसपी से शिकायत की है. इस शिकायत में बताया गया है कि 1 अगस्त की रात 11.07 बजे सहदेव महतो को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. घायल मरीज जीवित अवस्था में थे. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
2 अगस्त को सुबह 8.30 बजे उनको मृत घोषित कर दिया गया. परिवार को सूचना दी गयी कि उनकी मौत हो गयी है और शव को ले जाये. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि जब वे लोग शव को अपने घर ले जाने के लिए पहुंचे तो देखा कि शव से खून निकल रहा है. जब शव को अच्छे तरीके से देखा तो शव के दायीं आंख गायब था और उसकी जगह रुई भर दिया गया था. मुंह में भी पट्टी बांधा हुआ था. उन्होंने संदेह व्यक्त किया है कि अस्पताल प्रबंधन ने मृतक की आंख निकाल ली है. शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के बीच कराने की मांग की गयी है. उक्त व्यक्ति सरायकेला-खरसावां के नीमडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला है. मृतक के भाई शिवदेव महतो ने इसको लेकर एक शिकायत दर्ज करायी है और कार्रवाई की मांग की है. दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने उमा अस्पताल में जाकर इसके खिलाफ जोरदार हंगामा भी किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



