
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित चर्चित होटल अल्कोर के कर्मचारियों को वेतन दिए जाने पर जिले के उपायुक्त ने सहमति जता दी है. सैलेरी की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे कर्मियों ने जिले के उपायुक्त के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा, कि जिले के उपायुक्त ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि होटल खोल कर सभी कर्मियों का बकाया वेतन दिलाया जाएगा. आपको बता दें कि लॉकडाउन के दौरान होटल अलकोर में सेक्स रैकेट संचालित किए जाने का खुलासा हुआ था. जिसके बाद होटल के मालिक मैनेजर एवं शहर के कई रसूखदारों के साथ एक युवती को हिरासत में लेते हुए जिला प्रशासन ने होटल को सील कर दिया था.
जिसके बाद से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा था. वैसे सरकारी आदेश के बाद जिला प्रशासन ने होटल को खोलकर कंप्यूटर से डाटा निकालकर कर्मचारियों के वेतन भुगतान की अनुमति दिए जाने की बात कही है. हालांकि इसके लिए सख्त कानूनी प्रक्रिया से गुजरना होगा. वही होटल के कर्मचारियों ने होटल के मालिक मैनेजर व अन्य कर्मचारियों के साथ हुए पर व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कहा है, कि उनके मालिक बेगुनाह हैं उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है. फिलहाल मामला न्यायालय में लंबित है.






