जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 स्थित मजार लाइन के पास शुक्रवार उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब 11 हजार वोल्ट का हाई वोल्टेज बिजली तार अचानक एक मकान पर गिर गया. तार गिरते ही पूरे घर में करंट दौड़ गया और घर में रखे पर्स समेत अन्य सामान आग की चपेट में आ गए. (नीचे भी पढ़ें)

बताया गया कि पर्स में राशन कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे, जो आग लगने से जलकर नष्ट हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई. मामले को लेकर पार्षद प्रतिनिधि शाहिद ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि बिजली के तारों में जॉइंट होने की शिकायत विभाग से कई बार की गई थी और उसे दुरुस्त करने की मांग भी की गई थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई. आखिरकार शुक्रवार को जर्जर तार मकान पर गिर गया. गनीमत रही कि घटना के समय हाई वोल्टेज तार की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर और जॉइंट वाले तारों की तत्काल जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता.




