जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना इलाके के ईदगाह मैदान के पास शुक्रवार देर रात दो समुदाय के लोगों में बवाल इतनी बढ़ गई कि पुलिस को भीड़ को काबू पाने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी. मौके पर तनाव को शांत कराने के लिए पुलिस के कई बड़े अधिकारी दल बल मौजूद हैं. क्यूआरटी की दो गाड़ियों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है. प्रथम दृष्टयः मिली जानकारी के मुताबिक बिष्टुपुर रामदास भट्ठा ग्वालाबस्ती से एक गाय की बाछी की चोरी हो गई थी. उसकी खोजबीन करते हुए मवेशी के मालिक जुगसलाई पहुंचे. जहां उन्हें जानकारी प्राप्त हुई कि ईदगाह मैदान के पास सगुआ होटल में उक्त बाछी को खपाया गया है. लोग वहां पूछताछ कर रहे थे कि दो समुदाय के लोग आमने सामने आ गए. धीरे धीरे बात फैल गई और गद्दी मोहल्ला ग्वालाबस्ती से भी लोग उठकर ईदगाह मैदान की ओर कूच कर गए. (नीचे भी पढ़ें)

देखते ही देखते यहां मौहाल तनावपूर्ण हो गया. सूचना पाकर पहले जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे, उन्होंने मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन वे भीड़ के आगे असफल रहे. मामला बगड़ता देख मौके पर क्यूआरटी की दो गाड़ियां पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)

इलाके के डीएसपी सुमित कुमार समेत आसपास की पुलिस पहुंची. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को फायरिंग करने की नौबत आ गई. सूचना है कि दो से तीन राउंड फायरिंग की गई. समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती देखी गई है. इस बाबत कोई अधिकारिक बयान नहीं मिल पाया है.




