
जमशेदपुर : जमशेदपुर में आदर्श आचार संहिता का असर शुरू हो गया है. जहां जमशेदपुर पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गालूडीह थाना क्षेत्र के हेंडलजुड़ी के एक घर से 100 पेटी अवैध नकली अंग्रेजी शराब बरामद किया है. जिसका बाजार मूल्य लगभग 8 से 10 लाख बताया जा रहा है. वैसे यह नकली शराब बनाने का कारोबार काफी दिनों से चल रहा था, जिसकी पुलिस को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी. बताया जाता है कि पड़ोसी राज्य से शराब लाकर यहां मिलावट किया जा रहा था. आपको बता दें कि आदर्श आचार संहिता लगते ही जमशेदपुर एसएसपी ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दे दिए थे. उधर शहर के सीमावर्ती राज्यों पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है. वहीं विधानसभा चुनाव से पहले जमशेदपुर पुलिस और आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. वहीं आबकारी विभाग ने दो कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया है जिससे पूछताछ की जा रही है.



