जमशेदपुर : जमशेदपुर में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की. जिले के सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मुखी बस्ती में छापामारी कर कई अवैध बिक्री केंद्रों पर कार्रवाई की गई. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान उलीडीह थाना क्षेत्र के शांतिनगर स्थित नदी किनारे संचालित शुक्लू सिंह की अवैध शराब भट्टी को भी ध्वस्त कर दिया गया. छापेमारी के क्रम में कुल 240 लीटर अवैध चुलाई शराब और 12 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई. इसके अलावा मौके पर लगभग 300 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ भी नष्ट किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध कारोबार में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि इस पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके.











