जमशेदपुर : आइएमए की जमशेदपुर इकाई ने एक मरीज के परिजनों द्वारा डॉ बी प्रधान के साथ हुई मारपीट की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉक्टरों के साथ हिंसा को स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला करार दिया है एवं कहा है कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आइएमए की जमशेदपुर की इकाई द्वारा इस संबंध में जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि आज डॉ बी प्रधान पर लगभग 25 लोगों की भीड़ ने हमला कर उनके साथ दुर्व्यवहार एवं मारपीट किया. मरीज के परिजनों एवं उनके साथ आए लोगों ने कानून अपने हाथ में लेते हुए अस्पताल/क्लिनिक में जबरन घुसकर डॉ. प्रधान के साथ हाथापाई की. (नीचे भी पढ़ें)
प्रेस रिलीज में कहा गया है कि मामले से संबंधित मरीज का टांसिलेक्टॉमी (टांसिल का ऑपरेशन) हुआ था, जिसके बाद सेकेंडरी ब्लीडिंग हुई, जे इस सर्जरी की एक जानी-मानी कॉम्प्लिकेशन है. हर मरीज से ऑपरेशन से पूर्व लिखित सहमति ली जाती है जिसमें संभावित कॉम्प्लिकेशन कीजानकारी दी जाती है. प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संबंधित मरीज ऑपरेशन के दो दिन बाद टांसिलर आर्टरी से ब्लीडिंग की शिकायत के साथ आया था. विज्ञप्ति के अनुसार डॉ प्रधान ने पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ मरीज का सर्वोत्तम इलाज किया तथा बेहतर उपचार के लिए टीएमएच रेफर कर दिया. मरीज फिलहाल पूरी तरह स्थिर अवस्था में और पूरी तरह स्टेबल कंडीशन में है. इसके बावजूद कुछ राजनीतिक तत्वों ने उन्हें उकसाकर मरीज पक्ष अब रेफरल अस्पताल में हुए खर्च की मांग कर रहा है, जो पूरी तरह अनुचित एवं अस्वीकार्य है. (नीचे भी पढ़ें)
आइएमए ने कहा है कि यदि मेडिकल साइंस में वर्णित हर कॉम्प्लिकेशन पर डॉक्टरों को हिंसा, दबाव और आर्थिक वसूली का सामना करना पड़ेगा, तो चिकित्सा करना अत्यंत कठिन हो जाएगा. विज्ञप्ति में भीड़ द्वारा भीड़ न्याय की बढ़ती प्रवृत्ति को सबसे चिंताजनक बताते हुए कहा गया है कि इसमें डॉक्टर सॉफ्ट टार्गेट बनते जा रहे हैं. किन्तु वर्षों की कठिन पढ़ाई, प्रशिक्षण एवं परिश्रम के बाद डॉक्टर मार खाने के लिए नहीं बने हैं. आइएमए ने आज की घटना को लेकर स्पष्ट किया है कि डॉक्टर कोई भगवान नहीं, बल्कि प्रशिक्षित प्रोफेशनल होते हैं. इन हालात में आइएमए ने हमलावरों पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई एवं दंड दिलाने की मांग की है. साथ ही डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा के लिए मजबूत सुरक्षा की व्यवस्था किये जाने की मांग की है.







