
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थानांतर्गत भालुबासा में राजमिस्त्री और सिविल का काम कर रहे राहुल शेख की करंट लगने से मौत हो गयी. घटना के बाद आस-पास काम कर रहे लोगों ने बिजली बंद की और उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया. सिविल का काम करवा रहे मोनी ने बताया कि राहुल मूलरुप से पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद का रहने वाला है. वह काफी दिनों से उनके पास रहकर काम कर रहा था. मंगलवार को भालुबासा में सिविल का काम चल रहा था. काम के दौरान टाइल्स ग्राइंड करने की मशीन को चालू करने के लिए राहुल स्वीच बोर्ड में तार लगाने गया था. इसी दौरान उसे करंट लग गया. राहुल के परिजनों को सूचना दी गई है. फिलहाल मृतक के शव को एमजीएम अस्पताल के शीत गृह में रखा गया है.







