
जमशेदपुर: जमशेदपुर की ट्रैफिक पुलिस इन दिनों अपनी क्रूरता के लिए जानी जा रही है. ट्रैफिक नियम मनवाने के लिए ट्रैफिक पुलिस अब डंडे का भी सहारा लेने लगी है. ताज़ा मामला साकची ट्रैफिक थाना के बाहर का है जहां अपनी गाड़ी में बिना हेलमेट जा रहे युवक को रोकने के क्रम में ट्रैफिक पुलिस ने उसपर डंडे से वार कर दिया, इस घटना में युवक के नाक कि हड्डी टूट गई है. हद तो तब हो गई जब घायल युवक को अस्पताल तक नहीं पहुंचाया गया. उसने किसी तरह अपने परिजनों को संपर्क कर घटना कि सूचना दी. परिजन साकची थाना पहुंचे और युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले गए. युवक का नाम अभिषेक यादव है, वह डिमना रोड का रहने वाला है. अभिषेक ने बताया कि वह अपने साथी राजा और मन्नू के साथ साकची की ओर जा रहा था. साकची थाना के बाहर ट्रैफिक चेकिंग लगी हुई थी. वहां पहुंचते ही उसने गाड़ी की रफ्तार धीरे की इतने में ही एक ट्रैफिक पुलिस ने उसपर डंडे से वार कर दिया.



