जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में एक कन्वाई चालक के साथ अपहरण कर बेरहमी से मारपीट और लूटपाट मामले में पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है. पीड़ित ने गंभीर स्थिति में अस्पताल से पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, पीड़ित 17 जून की रात करीब 9:30 बजे गोविंदपुर में ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान राहड़गोड़ा बस्ती के तुषार सिंह, आयुष बच्चा, राज गबरू तथा उनके 4-5 अन्य साथियों ने उसे रोक लिया. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि सभी ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर जबरन बाइक पर बैठाकर सामुदायिक विकास स्कूल मैदान ले गए. वहां तुषार सिंह ने कथित तौर पर लोहे के चापड़ से गर्दन पर हमला किया, जबकि आयुष बच्चा ने लोहे की पंच से चेहरे पर कई वार किए. इसके बाद आरोपियों ने बाड़ीगोड़ा पंचायत भवन के पास ले जाकर बोल्डर से हमला किया, जिससे उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं. पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके गले से चांदी की चेन, जेब में रखे करीब पांच हजार रुपये और रियलमी मोबाइल भी लूट लिया. साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि उसे बस्ती में नहीं रहने देंगे. मारपीट के बाद आरोपी उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और डायल-100 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी. टाइगर मोबाइल की टीम ने घायल को पहले सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. हाल ही उसे रिम्स रेफर किया गया है. उसने पुलिस से अस्पताल पहुंचकर बयान दर्ज करने, प्राथमिकी दर्ज करने तथा सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.







