जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष कॉलोनी के अनुग्रह नारायण कॉलोनी में सोमवार तड़के एक संदिग्ध युवक ने घर में घुसने की कोशिश की. युवक बोलेरो से सुबह करीब 4 बजे वहां पहुंचा था. घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई. जानकारी के अनुसार मनोज सिंह के घर के बाहर सुबह करीब 4 बजे एक बोलेरो आकर रुकी. इसके बाद उसमें से एक युवक उतरा और घर के अंदर जाने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान घर के आसपास मौजूद एक बुजुर्ग की नजर युवक पर पड़ गई. उन्होंने युवक को रोककर पूछा कि वह कहां जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

आरोप है कि युवक ने बुजुर्ग से कहा ‘आपको क्या लेना-देना है.’ इसके बाद भी युवक घर में दाखिल होने की कोशिश करता रहा. सीसीटीवी फुटेज में उसे रेलिंग के सहारे घर के ऊपरी हिस्से तक पहुंचने का प्रयास करते देखा जा सकता है. हालांकि वह अपने मकसद में सफल नहीं हो सका और वहां से निकल गया. घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में बोलेरो के आने-जाने से लेकर युवक की हरकत तक रिकॉर्ड हुई है. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. परिजनों के मुताबिक, युवक चोरी के इरादे से घर में घुसना चाहता था या उसका कोई दूसरा उद्देश्य था यह अभी स्पष्ट नहीं है.








