चाकुलिया: आगामी 7 सितंबर को प्रखंड कार्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सोमवार को झामुमो नेता सह प्रखंड प्रमुख धनंजय करूणामय ने सिमदी,चालुनिया और बिरदह पंचायत की झामुमो महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. करूणामय ने सभी कार्यकर्ताओं को प्रखंड कार्यालय में केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के खिलाफ धरना प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है. उन्होंने इस विधेयक के परिणाम पर जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए हम लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे.कहा की यह लड़ाई केवल किसी पार्टी की नहीं, बल्कि झारखंड के अधिकार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है. इसके लिए हम सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा. इस मौके पर जिला परिषद सदस्य धरित्रि महतो, जगन्नाथ महतो,बलराम महतो,पूर्व मुखिया विश्वनाथ हांसदा,संजीव मांडी,मिथुन कर समेत अन्य उपस्थित थे.








