जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के ज्योतिनगर में तीसरी मंजिल से गिरकर पेंटर विश्वजीत राय (37) की मौत हो गयी. हादसे के बाद साथियों ने उसे टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक का नाम विश्वजीत राय है, जो गोविंदपुर थाना अंतर्गत गुड़ाबांदा जयरा टोला का रहने वाला था. वह ज्योतिनगर में सतेंद्र साहू के घर पर पेंटिंग का काम कर रहा था. घटना गुरुवार सुबह करीब नौ बजे की है, जहां पेंट करने के लिए वह सीढी पर चढ़ा और दीवार खिस्कने से वह फिसलकर नीचे गिर गया. आनन फानन में उसे टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक के साला ने बताया कि वह मूल रुप से ओडिशा का रहने वाला था, परंतु कई समय से वह अपने ससुराल गोविंदपुर में रहता था. मृतक के चार बच्चे है. वह 10 वर्षो से ठेकेदार कप्पू गोंडल के अंडर पेंटिंग का काम करता था. घटना के बाद मृतक के परिजनों को मकान मालिक ने 1 लाख रुपये और ठेकेदार द्वारा 1 लाख 70 हजार रुपये देने की बात स्वीकार की है. फिलहाल मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है. वहीं पुलिस ने शव को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.



