जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड में सोमवार शाम करीब पांच बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चोरी के प्रयास के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने नशे की हालत में खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया. घटना में युवक के शरीर पर कई कट लगने से वह लहूलुहान हो गया. सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. अस्पताल में भी युवक का व्यवहार असामान्य बना रहा. पुलिसकर्मियों ने उसका इलाज कराने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा और किसी के नियंत्रण में नहीं आ रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान युवक गुटखा खाने का बहाना बनाकर अस्पताल परिसर से निकल गया और मुख्य सड़क तक पहुंच गया. उसके फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा शुरू किया. काफी मशक्कत और स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे दोबारा पकड़ लिया गया. इसके बाद अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार कराया गया और फिर पुलिस उसे अपने साथ ले गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक नशे का आदी है और चोरी के मामलों में पहले भी जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.







