जमशेदपुर : देश के प्रसिद्ध विद्वान, युवा धर्मगुरु और कौम व मिल्लत के विचारक, पंजाब के शाही इमाम एवं मजलिस अहरार ए इस्लाम (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मो उस्मान रहमानी लुधियानवी जमशेदपुर तशरीफ़ ला रहे हैं. इमारत शरिया, जमशेदपुर के नायब काजी मौलाना अफरोज सलीमी अल कासमी ने उक्त जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि आगामी रविवार, 18 जनवरी को साकची आम बगान मस्जिद में मगरिब की नमाज़ के तुरत बाद आपसी भाईचारे पर एक विशाल “इत्तेहाद-ए-मिल्लत कॉन्फ्रेंस” का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें मौलाना उस्मान लुधियानवी मुख्य अतिथि होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
सामाजिक कार्यकर्ता काशिफ रजा सिद्दीकी ने बताया कि इस अवसर पर शाही इमाम के साथ झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री, हफीजुल हसन भी उपस्थित रहेंगे. उन्होंने बताया कि मौलाना उस्मान सिर्फ मुसलमानों में ही नहीं बल्कि सिख भाइयों में भी एक बड़ा नाम हैं. उन्होंने पंजाब में सिख मुस्लिम भाईचारा निर्माण में अहम् योगदान किया है. उनके काम को देखते हुए उनके जमशेदपुर आगमन पर साकची गुरुद्वारा में भी सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उनका एक कार्यक्रम रखा गया है. उन्होंने ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में अन्य धर्मों के धर्मगुरु, जमशेदपुर और आसपास के उलेमा, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल होंगे. कार्यक्रम की तैयारियां ज़ोरों पर हैं.











