पूर्वी सिं
जमशेदपुर : जमशेदपुर सहित पूरे प्रदेश में मंगलवार को झारखंड अधिविद्य परिषद् (जैक) की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आरंभ हो गईं. पूर्वी सिंहभूम जिले में मैट्रिक की परीक्षा में कुल 21301 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले के कुल 18,342 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं. जिला प्रशासन ने दोनों परीक्षाओं के लिए सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था कर रखी है, जिसकी देखरेख में परीक्षाओं का संचालन हो रहा है. समाचार लिखे जाने तक मैट्रिक की परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी एवं शांति पूर्ण वातावरण में चल रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि मैट्रिक परीक्षा के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचार मुक्त परीक्षाएं आयोजित करने के लिए व्यापक प्रबंध किये हैं. इंटरमीडिएट की परीक्षा में विज्ञान संकाय में जिले के कुल 4657 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं जबकि कला संकाय में 10183 और वाणिज्य संकाय में कुल 3502 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

आज आरंभ हुई मैट्रिक की परीक्षा आगामी 17 फरवरी तक चलेगी जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आगामी 23 फरवरी को पूरी होंगी. जिला प्रशासन ने दोनों परीक्षाएं शांति पूर्वक एवं पारदर्शी रूप में संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किये हैं. उधर झारखंड अधिविद्य परिषद् ने भी राज्य के सभी नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों से भी सहयोग की अपील की है. (नीचे भी पढ़ें)

झारखंड अकादमिक परिषद (जेएसी) के सचिव जयंत मिश्रा ने कहा, “कक्षा 10 की परीक्षाएं व्यावसायिक विषयों के साथ शुरू हुईं जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दूसरी पाली में होंगी. उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा, ‘निष्पक्ष और स्वतंत्र परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और परीक्षा के दौरान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध है.”








